छतरपुर। सावन के पावन महीने में भगवान शिव की भक्ति से सराबोर छतरपुर रविवार को पूरी तरह शिवमय नजर आया। शहर के रामचरितमानस गल्ला मंडी परिसर से 11वीं बुंदेलखंडी विशाल कांवड़ यात्रा का भव्य शुभारंभ हुआ। यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार करीब 10 हजार से अधिक श्रद्धालु कांवड़ लेकर पैदल जटाशंकर धाम के लिए रवाना हुए।
यात्रा में भाजपा प्रदेश मंत्री अर्चना सिंह और पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ‘गुड्डू भैया’ सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे। कांवड़ियों के जत्थे के आगे-आगे भगवान शिव की भक्ति से जुड़े जयघोष और भजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से शहर की गलियां गूंज उठीं।
चौक बाजार में हुआ भव्य स्वागत
कांवड़ यात्रा जब शहर के प्रमुख बाजारों से होकर गुजरी तो जगह-जगह श्रद्धालुओं और शहरवासियों ने कांवड़ियों का स्वागत किया। चौक बाजार में व्यापारियों एवं शहर के लोगों ने पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ‘गुड्डू भैया’ का फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा से जोरदार स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
यात्रा को लेकर शहर में सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा। विभिन्न स्थानों पर सेवा शिविर लगाए गए, जहां कांवड़ियों के लिए पानी, शरबत सहित अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई।
सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट
हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए। यात्रा मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा। भीड़ को नियंत्रित करने के साथ यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी लगातार सक्रिय रहे।
रामचरितमानस से शुरू हुई यह यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए जटाशंकर धाम पहुंचेगी। यात्रा में शामिल शिवभक्त भगवान जटाशंकर को जल अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
