टैक्स बार एंड प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन छतरपुर ने सम्मान समारोह आयोजित कर दी शुभकामनाएं।।
छतरपुर। टैक्स बार एंड प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन छतरपुर द्वारा राज्य कर अधिकारी प्रह्लाद सिंह दांगी के सम्मान में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कर सलाहकारों, अधिवक्ताओं एवं राज्य कर विभाग के अधिकारियों ने श्री दांगी के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्रह्लाद सिंह दांगी ने अपने कार्यकाल में कर प्रशासन को पारदर्शी, सरल एवं करदाताओं के अनुकूल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विभाग और करदाताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ कर सलाहकारों एवं अधिवक्ताओं के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखे। उनके कार्य व्यवहार, सरलता और कर्तव्यनिष्ठा की सभी ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
कार्यक्रम में उपस्थित सहायक आयुक्त राज्यकर सुरेश कुमार साकेत ने कहा कि श्री दांगी ने विभागीय दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ किया है। उनकी कार्यशैली से विभाग को नई ऊर्जा मिली और उन्होंने हमेशा टीम भावना के साथ कार्य किया। राज्यकर अधिकारी वीरेंद्र कुमार निगम ने भी उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके अनुभव और प्रशासनिक दक्षता से विभाग को लगातार लाभ मिला है।
टैक्स बार एंड प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट अभिषेक खरे ने अपने संबोधन में कहा कि श्री दांगी का कार्यकाल विभाग और कर सलाहकारों के बीच बेहतर संवाद का उदाहरण रहा है। उन्होंने करदाताओं की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाया। एसोसिएशन के फाउंडर अध्यक्ष एडवोकेट निरंजन खरे ने कहा कि किसी भी अधिकारी की पहचान उसके व्यवहार और कार्यशैली से होती है तथा श्री दांगी ने अपनी विनम्रता और कार्यकुशलता से सभी के बीच विशेष स्थान बनाया है।
पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट संतोष कुमार गुप्ता एवं संजय कुमार नामदेव ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि श्री दांगी ने सदैव नियमों के अनुरूप कार्य करते हुए करदाताओं और विभाग के बीच संतुलन बनाए रखा। उपाध्यक्ष एडवोकेट मुकेश अग्रवाल, सचिव एडवोकेट अनुराग असाटी तथा वरिष्ठ कर सलाहकार संतोष अग्निहोत्री ने भी उनके सफल कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर एसोसिएशन के सदस्यों ने श्री दांगी को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं आगामी दायित्वों में सफलता की कामना की। अपने उद्बोधन में प्रह्लाद सिंह दांगी ने सभी अधिकारियों, कर सलाहकारों एवं अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छतरपुर में बिताया गया समय उनके लिए सदैव यादगार रहेगा। उन्होंने कहा कि उन्हें सभी का सहयोग और स्नेह मिला, जिसके लिए वे सदैव ऋणी रहेंगे।
कार्यक्रम में सहायक आयुक्त राज्यकर सुरेश कुमार साकेत, राज्यकर अधिकारी वीरेंद्र कुमार निगम, टैक्स बार एंड प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एड. अभिषेक खरे, फाउंडर अध्यक्ष एड. निरंजन खरे, पूर्व अध्यक्ष एड. संतोष कुमार गुप्ता, संजय कुमार नामदेव, उपाध्यक्ष एड. मुकेश अग्रवाल, सचिव एड. अनुराग असाटी, वरिष्ठ कर सलाहकार संतोष अग्निहोत्री सहित एड. रवि उपाध्याय,नीरज खरे,एड. विक्रांत रेजा, एड. नितिन नामदेव, एड. अतीत विश्वकर्मा एवं अन्य सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
विदाई समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां सभी ने श्री दांगी के व्यक्तित्व एवं सेवाओं को याद करते हुए उन्हें भावनात्मक विदाई दी।
