रोकस के फिक्स पारिश्रमिक पर कार्यरत वार्ड बॉय का वेतन बढ़ाकर कलेक्टर दर के अनुसार अकुशल श्रमिक के बराबर किया।।
पीडब्ल्यूडी को सीपेज, ड्रेनेज ब्लॉकेज तथा शौचालयों की मरम्मत कराने के निर्देश।।
एसटीपी प्लांट को क्रियाशील बनाने हेतु सफाई कार्य कराने के नपा को निर्देश।।
कलेक्टर की अध्यक्षता में रोगी कल्याण समिति की बैठक संपन्न
छतरपुर।। कलेक्ट्रेट के भू-तल के एनआईसी कक्ष में गुरूवार को कलेक्टर पार्थ जैसवाल की अध्यक्षता में रोगी कल्याण समिति (रोकस) कार्यकारिणी सभा जिला चिकित्सालय की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अस्पताल की सेवाओं को सुदृढ़ करने एवं मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से सेवाएं दे रहे रोगी कल्याण समिति के मानव संसाधन की सेवाएं वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए एक वर्ष तक बढ़ाई जाएंगी। साथ ही, फिक्स पारिश्रमिक दर पर कार्यरत रोगी कल्याण समिति के वार्ड बॉय का पारिश्रमिक बढ़ाकर कलेक्टर दर के अनुसार अकुशल श्रमिक के बराबर करने का निर्णय लिया गया।
जिला अस्पताल में पानी सप्लाई व्यवस्था के सुचारू संचालन हेतु पम्प हाउस के पम्प, संबंद्ध उपकरणों एवं पाईपलाईन के मैन्टेनेंस, सुधार तथा नल या फ्लश के संबद्ध सामग्री के क्रय हेतु स्वीकृति दी गई। इसके अलावा, एल्युमीनियम पार्टिशन, एसी, कूलर, पंखे एवं अन्य विद्युत उपकरणों के मेंटेनेंस और आवश्यक सुधार कार्य भी स्वीकृत किए गए। जिला चिकित्सालय के आकस्मिक कॉल वाहन में आवश्यक सुधार एवं मरम्मत कार्य कराए जाने का निर्णय लिया गया, जिससे आपातकालीन सेवाएं और अधिक प्रभावी हो सकें।
कलेक्टर द्वारा अस्पताल परिसर में स्थापित एसटीपी प्लांट को क्रियाशील बनाने हेतु सफाई कार्य कराने के निर्देश नगर पालिका को दिए गए। साथ ही, सफाई के दौरान वैकल्पिक ड्रेनेज व्यवस्था बनाने एवं आवश्यक सिविल कार्यों के प्राक्कलन तैयार करने के लिए उपप्रबंधक भवन विकास निगम को निर्देशित किया गया तथा प्लांट के उपकरणों में आवश्यक रिप्लेसमेंट, मरम्मत व सुधार कार्य के मूल्यांकन व प्रक्कलन हेतु पीडब्ल्यूडी व उपयंत्री एनएचएम को निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग को अस्पताल भवन में चिन्हित स्थानों पर सीपेज, ड्रेनेज ब्लॉकेज तथा शौचालयों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।साथ ही मॉड्यूलर किचन की छत पर कैंटीन संचालन हेतु आवश्यक सिविल कार्य, बाउंड्री वॉल निर्माण तथा ब्लड बैंक के पास रखे जनरेटर व अन्य सामग्री की सुरक्षा के लिए गेट युक्त बाउंड्री वॉल निर्माण का प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सीएमएचओ डॉ. आर.पी. गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ. शरद चौरसिया, पीडब्ल्यूडी, पीएचई विभाग, आयुष व शिक्षा विभाग, नगरपालिका, महिला एवं बाल विकास विभाग, भवन विकास निगम के संबंधित अधिकारी एवं चिकित्सकगण उपस्थित रहे।
