4 अप्रैल को भविष्य से भेंट कार्यक्रम में अधिकारी पहुंचेंगे स्कूल, छात्रों को देंगे मार्गदर्शन।।
कलेक्टर ने अधिकारियों की स्कूल आवंटित कर लगाई ड्यूटी।।
छतरपुर।। कलेक्टर सह जिला मिशन संचालक पार्थ जैसवाल के निर्देशन में जिले के समस्त शासकीय विद्यालयों में “स्कूल चले हम” अभियान अंतर्गत प्रवेशोत्सव कार्यक्रम 2026 का आयोजन 1 अप्रैल से 4 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। इस अभियान के तहत 4 अप्रैल को “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले के वरिष्ठ अधिकारी चयनित विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद करेंगे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करना एवं शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाना है। इस दौरान अधिकारी अपने अनुभव साझा करेंगे और बच्चों को लक्ष्य निर्धारण, करियर चयन एवं जीवन में सफलता के गुर बताएंगे।
कलेक्टर ने आदेश जारी कर जिले के विभिन्न विकासखंडों के कुल 107 अधिकारियों को अलग-अलग विद्यालयों में जाने के लिए नामांकित किया है। इनमें अपर कलेक्टर, सहायक कलेक्टर, अनुविभागीय अधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्टेशनरी सामग्री जैसे पेन, पेंसिल, कलर बॉक्स आदि भी वितरित किए जा सकते हैं, जिससे उनकी पढ़ाई में सहायता मिल सके। साथ ही अधिकारी पालन प्रतिवेदन जिला शिक्षा केंद्र एवं जनपद शिक्षा केंद्र के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे।
कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित विद्यालयों में उपस्थित होकर विद्यार्थियों के साथ सकारात्मक संवाद स्थापित करें और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करें। यह पहल शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ करने और विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
