PWD के 10 जर्जर सरकारी मकानों को खाली करने के निर्देश, कलेक्टर पार्थ जैसवाल के आदेश पर PWD अधिकारी आशीष भारती ने भेजी टीम।।
छतरपुर। सरकारी संपत्तियों को अपनी जागीर समझकर बैठे अतिक्रमणकारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने अब कमर कस ली है। कलेक्टर पार्थ जैसवाल के सख्त रुख के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) एक्शन मोड में आ गया है। रविवार को कलेक्टर के आदेश पर PWD अधिकारी आशीष भारती ने भारी दलबल के साथ शहर के उन 10 जर्जर सरकारी मकानों पर धावा बोला, जो लंबे समय से अवैध कब्जे का शिकार थे।
PWD की इस कार्रवाई का नेतृत्व SDO कमलेश मिश्रा ने किया। टीम में उपयंत्री राजेंद्र गुप्ता, प्रद्युम्न तिवारी, स्थल सहायक रामकुमार तिवारी और मनोज द्विवेदी शामिल रहे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि समय रहते कब्जा नहीं छोड़ा गया, तो प्रशासन बलपूर्वक बेदखली की कार्रवाई करेगा।
नोटिस को ठेंगा दिखाना पड़ेगा भारी।।
बताया जा रहा है कि इन 10 कंडम और जर्जर भवनों को खाली करने के लिए विभाग पहले भी कई बार नोटिस जारी कर चुका है। लेकिन रसूख और ढिठाई के दम पर कब्जाधारी इन मकानों को खाली करने को तैयार नहीं थे। जर्जर होने के कारण ये भवन कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं, जिसे देखते हुए कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने तत्काल खाली कराने के निर्देश दिए हैं।
अगला कदम:-बड़ी कार्रवाई की तैयारी।।
PWD अधिकारी आशीष भारती ने दो टूक शब्दों में कहा है कि चेतावनी की मियाद खत्म होते ही पुलिस प्रशासन की मदद से इन मकानों को ध्वस्त करने या सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस कार्रवाई के बाद से ही शहर के अन्य अतिक्रमणकारियों में भी हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
