छतरपुर। जिले के गढ़ी मलहरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कलानी गांव में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ महज एक मामूली विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि वह जानलेवा हमले में बदल गया। खेत पर काम कर रहे एक 19 वर्षीय युवक की कुल्हाड़ी से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि उसे बचाने आए दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
खेत पर सोते समय किया हमला
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कमलेश कुशवाहा (19 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बीती रात अपने खेत पर मौजूद था। तभी गांव के ही कुछ दबंगों ने पुरानी रंजिश या मामूली कहासुनी के चलते उस पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना भीषण था कि कमलेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बीच-बचाव करने आए लोग भी घायल।।
जब हमलावर कमलेश पर वार कर रहे थे, तो उसे बचाने के लिए उसकी दादी नन्नी बाई (60 वर्ष) और खेत में काम कर रहे जलील खान (58 वर्ष) आगे आए। हमलावरों ने उन पर भी दया नहीं दिखाई और कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
3 आरोपी हिरासत में--
घटना की सूचना मिलते ही गढ़ी मलहरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और इस मामले में अब तक तीन मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
