जिला अस्पताल में प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र का शुभारंभ किया गया।।
छतरपुर।। आम नागरिकों की सुविधा के दृष्टिगत जिला अस्पताल परिसर में मंगलवार को प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र का शुभारंभ किया गया। जिसका संचालन रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा किया जाएगा। केन्द्र का शुभारंभ दीपप्रज्ज्वलन कर विधायक ललिता यादव एवं कलेक्टर पार्थ जैसवाल द्वारा फीता काटकर किया गया। प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र 24 घण्टे संचालित होगा। इस केन्द्र से 50 से 90 प्रतिशत तक की कम कीमत पर 2 हजार से अधिक उच्च गुणवत्तायुक्त दवाईयां एवं 300 से अधिक सर्जिकल उपकरण मिल सकेंगे।
इस अवसर पर कुशाभाऊ ठाकरे सभागार भोपाल में राज्यपाल मंगु भाई पटेल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश के 50 जिला चिकित्सालयों में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केन्द्रों का शुभारंभ किया गया। जिसका सीधा प्रसारण छतरपुर में भी देखा एवं सुना गया। तत्पश्चात् अतिथियों द्वारा औषधि केन्द्र का अवलोकन किया गया और व्यवस्थित रूप से संचालन करने के निर्देश दिए।
विधायक ललिता यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केन्द्र जिला चिकित्सालय में खुलने से यहां आने वाले मरीजों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा बाजार मूल्य से कई गुना ज्यादा सस्ती दवाईयां उपलब्ध होंगी। साथ ही अन्य लोग भी यहां से दवाईयां ले सकते हैं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशानुसार खोले गए जन औषधि केन्द्र से लोगों को दवाईयां खरीदने में काफी राहत मिलेगी।
कलेक्टर श्री जैसवाल ने कहा कि जन औषधि केन्द्र के माध्यम से काफी रियायती दरों पर दवाईयां मिल सकेंगी। उन्होंने सीएमएचओ को निर्देशित करते हुए कहा कि दवाईयों की पूर्व से ही डिमाण्ड भेजते रहें ताकि दवाईयों की कमी न रहे। साथ ही रेड क्रॉस सोसायटी को जन औषधि केन्द्र के संचालन में सुदृढ़ व्यवस्थाएं रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा अस्पताल में दूर दराज से आने वाले मरीजों को भी लाभ मिल सकेगा।
इस दौरान डिप्टी कलेक्टर जी.एस. पटेल, एसडीएम अखिल राठौर, सीएमएचओ डॉ. आर.पी. गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ. जी.एल. अहिरवार सहित डॉक्टर्स एवं आमजन उपस्थित रहे।।
