निर्दयी ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार: मातगुवां हादसे में 3 लोगों को कुचलने वाले आरोपी को ट्रैफिक पुलिस ने घर में दबिश देकर दबोचा।।
नरेंद्र सर्राफ (न्यू इण्डिया24 न्यूज)
छतरपुर। मातगुवां के पास एक ई-रिक्शा को बेरहमी से कुचलकर तीन मासूम जिंदगियों को मौत के घाट उतारने वाले फरार ट्रक ड्राइवर को पकड़ने में छतरपुर ट्रैफिक पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। दुर्घटना के बाद से ही आरोपी ड्राइवर लगातार पुलिस को चकमा देकर छुपा हुआ था, जिसे ट्रैफिक प्रभारी के कुशल निर्देशन में मुस्तैद आरक्षक ने ढूंढ निकाला।
खुफिया सूचना पर पुलिस की सटीक दबिश।।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मातगुवां थाना क्षेत्र में हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद से ही पुलिस आरोपी और ट्रक की सरगर्मी से तलाश कर रही थी। इसी बीच छतरपुर ट्रैफिक प्रभारी बृहस्पति साकेत को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि आरोपी ड्राइवर छतरपुर में ही एक मकान में छुपा हुआ है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए ट्रैफिक प्रभारी साकेत ने तुरंत एक्शन प्लान बनाया और ट्रैफिक आरक्षक हीरा सिंह को रवाना किया। आरक्षक हीरा ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए बताए गए ठिकाने पर अचानक दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी ट्रक ड्राइवर को रंगे हाथों दबोच लिया। इसके साथ ही हादसे में शामिल ट्रक को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
सराहनीय कार्य की प्रशंसा।।
भीषण हादसे को अंजाम देकर भागने वाले अपराधी को चंद घंटों के भीतर एक घर से ढूंढ निकालना छतरपुर ट्रैफिक पुलिस की मुस्तैदी को दर्शाता है। ट्रैफिक प्रभारी बृहस्पति साकेत के सटीक निर्देशन और आरक्षक हीरा की जांबाजी की विभाग सहित आम जनता में जमकर सराहना हो रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए संबंधित थाने को सौंप दिया है।
